आरंग। छत्तीसगढ़ के युवाओं ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर प्रदेश का नाम रोशन किया है। आरंग विकासखंड के छोटे से गांव चपरीद के रहने वाले गुलशन कुमार मानिकपुरी ने देश की प्रमुख विमानन कंपनी इंडिगो एयरलाइंस में कमर्शियल पायलट बनकर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। मध्यमवर्गीय परिवार से आने वाले गुलशन ने कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प के दम पर अपने बचपन के सपने को हकीकत में बदल दिया है।
CG News: जिला जेल में बंदी की संदिग्ध मौत, चक्कर खाकर गिरा कैदी, अस्पताल में तोड़ा दम
एयरोनॉटिकल इंजीनियरिंग के बाद हासिल किया CPL
गुलशन की सफलता का सफर आसान नहीं रहा। उन्होंने वर्ष 2022 में चेन्नई स्थित हिंदुस्तान यूनिवर्सिटी से बीटेक (एयरोनॉटिकल इंजीनियरिंग) की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) की आवश्यक परीक्षाएं उत्तीर्ण कीं और 200 घंटे की फ्लाइंग ट्रेनिंग पूरी कर कमर्शियल पायलट लाइसेंस (CPL) प्राप्त किया। उनकी मेहनत और काबिलियत के दम पर इंडिगो एयरलाइंस में चयन हुआ। यहां उन्होंने एयरबस जैसे बड़े यात्री विमान उड़ाने के लिए टाइप रेटिंग का प्रशिक्षण भी सफलतापूर्वक पूरा किया।
माता-पिता ने बेटे की वर्दी पर लगाए सितारे
गुलशन की इस उपलब्धि का सबसे भावुक पल गुरुग्राम स्थित इंडिगो के ट्रेनिंग सेंटर में आयोजित ग्रेजुएशन समारोह के दौरान देखने को मिला। इस खास मौके पर उनके पिता गिरीश मानिकपुरी और मां भोगेश्वरी मानिकपुरी ने बेटे की पायलट वर्दी के कंधों पर एपलेट्स (सितारे) लगाए। माता-पिता के लिए यह पल गर्व और खुशी से भरा रहा। वर्षों की मेहनत के बाद बेटे को इस मुकाम पर देखकर उनकी खुशी देखते ही बन रही थी।
छत्तीसगढ़ में ठंड के बीच होगी बारिश! बंगाल की खाड़ी से उठ रहा तूफान ‘अकवान’, मौसम विभाग का अलर्ट
कोलकाता से भरेंगे पहली कमर्शियल उड़ान
अपनी सफलता पर गुलशन ने कहा कि किताबों से शुरू हुआ सफर आज खुले आसमान तक पहुंच गया है। इस दौरान आर्थिक चुनौतियों के साथ कई मुश्किलों का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने कभी हिम्मत नहीं हारी। बचपन में जिस घर की छत से हवाई जहाजों को उड़ते देखकर पायलट बनने का सपना देखा था, आज उसी सपने को पूरा करने का अवसर मिला है।
गुलशन जल्द ही कोलकाता एयरपोर्ट से अपनी पहली कमर्शियल उड़ान भरेंगे। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, गांव और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
