रायपुर/रायगढ़। छत्तीसगढ़ में बुधवार सुबह आयकर विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रदेश के पांच जिलों में एक साथ छापेमारी की। रायपुर, रायगढ़, दुर्ग, बिलासपुर और जांजगीर-चांपा में विभाग की 16 अलग-अलग टीमों ने कई ठिकानों पर दबिश दी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, यह कार्रवाई कर चोरी की शिकायतों के आधार पर की जा रही है। फिलहाल अधिकारी संबंधित ठिकानों पर पहुंचकर दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड खंगाल रहे हैं।
छत्तीसगढ़ में ठंड के बीच होगी बारिश! बंगाल की खाड़ी से उठ रहा तूफान ‘अकवान’, मौसम विभाग का अलर्ट
16 टीमों ने एक साथ शुरू की कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, आयकर विभाग ने छापेमारी के लिए 16 टीमें गठित की थीं। इन सभी टीमों ने बुधवार तड़के करीब 5 बजे एक साथ अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई शुरू की। इस दौरान कारोबारियों के कार्यालयों, आवास और औद्योगिक प्रतिष्ठानों को जांच के दायरे में लिया गया।
रायगढ़ में बर्बरीक कंपनी, सन स्टील और रायगढ़ इस्पात के कार्यालयों के साथ संचालकों के आवास पर भी छापेमारी की गई है। रायगढ़ इस्पात के मालिक श्रवण अग्रवाल और कमल अग्रवाल के घर, कार्यालय तथा उद्योग में आयकर विभाग की टीमों ने दबिश दी। यहां अधिकारी टैक्स से संबंधित दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की जांच कर रहे हैं।
रायपुर में भी कई ठिकानों पर छापेमारी
राजधानी रायपुर में भी आयकर विभाग की कार्रवाई जारी है। चंदखुरी के बहनाकाड़ी गांव स्थित एक फैक्ट्री में अधिकारियों ने दबिश दी है। इसके अलावा तेलीबांधा रिंग रोड-1 स्थित PRA ग्रुप के कार्यालय में भी छापेमारी की गई है। रिंग रोड, शंकर नगर और खम्हारडीह क्षेत्र में भी विभाग की टीमों के पहुंचने की जानकारी सामने आई है।
अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ का जलवा, कोसा साड़ियों और हस्तशिल्प ने खींचा लोगों का ध्यान
जांच के बाद सामने आ सकती हैं अहम जानकारियां
पांच जिलों में एक साथ हुई इस कार्रवाई से कारोबारी और औद्योगिक जगत में हलचल तेज हो गई है। फिलहाल आयकर विभाग की ओर से छापेमारी को लेकर कोई आधिकारिक विस्तृत जानकारी जारी नहीं की गई है। अधिकारी अलग-अलग ठिकानों पर दस्तावेजों और वित्तीय रिकॉर्ड की जांच में जुटे हैं। जांच पूरी होने के बाद कार्रवाई से जुड़े कई अहम तथ्य सामने आने की संभावना है।
