नई दिल्ली। WhatsApp अपने यूजर्स के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए लगातार नए फीचर्स पर काम कर रहा है। इसी कड़ी में अब मैसेजिंग प्लेटफॉर्म एक नया कैमरा फीचर लाने की तैयारी में है, जिसका नाम ‘Zaps’ रखा गया है। इस फीचर के जरिए यूजर्स ऐसी फोटो और वीडियो भेज सकेंगे, जिन्हें रिसीव करने वाला व्यक्ति सिर्फ एक बार देख पाएगा। देखने के बाद ये अपने आप गायब हो जाएंगे।
खास बात यह है कि इस फीचर का नाम पहले ‘Instants’ रखा गया था, लेकिन अब कंपनी ने इसे बदलकर ‘Zaps’ कर दिया है। WABetaInfo की रिपोर्ट के मुताबिक, WhatsApp के Android बीटा वर्जन 2.26.46.2 में इस नए नाम की जानकारी सामने आई है। इससे पहले बीटा वर्जन 2.26.45.13 में इसे Instants नाम से देखा गया था।
WhatsApp में कैसे काम करेगा Zaps फीचर?
Zaps फीचर के तहत यूजर्स WhatsApp के नए कैमरा विकल्प से तुरंत फोटो और वीडियो क्लिक करके शेयर कर सकेंगे। इसके लिए Chats टैब के ऊपर दिखाई देने वाले बिजली के निशान वाले आइकन पर टैप करना होगा। इसके बाद कैमरा खुल जाएगा और यूजर्स अपनी फोटो या वीडियो भेज सकेंगे।
इस फीचर से भेजे गए कंटेंट को ‘Zap’ कहा जाएगा। इसका मकसद फोटो और वीडियो शेयरिंग को तेज और आसान बनाना है। रिसीवर जैसे ही फोटो या वीडियो देख लेगा, वह अपने आप गायब हो जाएगा। यानी सामने वाला व्यक्ति उसे दोबारा नहीं देख सकेगा।
कॉन्टैक्ट से लेकर ग्रुप तक भेज सकेंगे Zaps
शुरुआत में जब इस फीचर को Instants नाम से टेस्ट किया गया था, तब इसके जरिए केवल म्यूचुअल कॉन्टैक्ट्स को ही फोटो और वीडियो भेजने का विकल्प था। यानी ऐसे लोग जिनके नंबर एक-दूसरे के फोन में सेव हों।
हालांकि, नए अपडेट में WhatsApp ने इस सुविधा का दायरा बढ़ा दिया है। अब यूजर्स Zaps को अपने किसी भी कॉन्टैक्ट, ग्रुप और यहां तक कि अनजान नंबरों पर भी भेज सकेंगे। भविष्य में इसे WhatsApp चैनल्स के लिए भी उपलब्ध कराया जा सकता है।
Zaps के लिए ऐप में अलग से कोई सेक्शन नहीं बनाया जाएगा। ये सामान्य मैसेज की तरह ही चैट में दिखाई देंगे। हालांकि, इन्हें सिर्फ एक बार ही देखा जा सकेगा।
राष्ट्रपति भवन में चमकी छत्तीसगढ़ की कला, समृद्ध हस्तशिल्प परंपरा को मिला राष्ट्रीय सम्मान
WhatsApp में कब तक आएगा Zaps फीचर?
फिलहाल Zaps फीचर डेवलपमेंट के चरण में है। अभी तक इसे Android बीटा टेस्टर्स के लिए भी जारी नहीं किया गया है। WhatsApp ने इसके आधिकारिक लॉन्च की तारीख का ऐलान नहीं किया है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, पहले इसे बीटा यूजर्स के लिए उपलब्ध कराया जा सकता है। इसके बाद 2027 की शुरुआत में सभी यूजर्स तक पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, कंपनी की ओर से इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
