Indian Railways New Rules 2026: ट्रेन में सफर के दौरान तेज आवाज में मोबाइल पर वीडियो या रील्स देखना और जोर-जोर से फोन पर बात करना अब यात्रियों के लिए परेशानी का कारण बन सकता है। सहयात्रियों की सुविधा और शांति बनाए रखने के लिए रेलवे ने मोबाइल फोन के इस्तेमाल को लेकर सख्ती शुरू कर दी है। अब ट्रेन और स्टेशन परिसर में तेज आवाज से दूसरों को परेशान करने वाले यात्रियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
ध्रुव जुरेल ने हवा में उड़कर लपका हैरतअंगेज कैच, बल्लेबाज भी रह गया हैरान! देखें VIDEO
कोलकाता मुख्यालय वाले पूर्व रेलवे ने अपने चारों मंडलों को इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं। रेलवे बोर्ड की एडवाइजरी के आधार पर जारी आदेश में ट्रेनों और स्टेशनों पर मोबाइल फोन का जिम्मेदारी से इस्तेमाल सुनिश्चित करने को कहा गया है। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, मोबाइल के स्पीकर पर तेज आवाज में गाने बजाना, वीडियो देखना और फोन पर जोर-जोर से बात करना दूसरों के लिए परेशानी पैदा करता है। ऐसी गतिविधियों को न्यूसेंस की श्रेणी में रखा जा सकता है।
1000 रुपये तक जुर्माना और 6 महीने की जेल
रेलवे अधिनियम, 1989 की धारा 145 के तहत यात्रियों को परेशान करने या ट्रेन में अनुशासन भंग करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई का प्रावधान है। नियमों का उल्लंघन करने पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) या अधिकृत रेलवे कर्मचारी कार्रवाई कर सकते हैं।
इस धारा के तहत दोषी पाए जाने पर यात्री को 1000 रुपये तक का जुर्माना भरना पड़ सकता है। इसके अलावा 6 महीने तक की जेल की सजा भी हो सकती है। मामले की परिस्थितियों के अनुसार जुर्माना और जेल दोनों की सजा दी जा सकती है।
यात्रियों की शिकायतों के बाद रेलवे सख्त
रेलवे में प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री सफर करते हैं। लंबी दूरी की ट्रेनों में खासकर रात के समय तेज आवाज में मोबाइल चलाने और फोन पर बातचीत करने से दूसरे यात्रियों को परेशानी होती है। सोशल मीडिया रील्स, वीडियो और वीडियो कॉल के बढ़ते इस्तेमाल के कारण इस तरह की शिकायतें भी सामने आ रही हैं।
रेलवे का उद्देश्य सभी यात्रियों को शांतिपूर्ण और आरामदायक सफर उपलब्ध कराना है। इसके लिए यात्रियों को मोबाइल का इस्तेमाल करते समय दूसरों की सुविधा का ध्यान रखने की हिदायत दी जा रही है।
अब AI करेगा आपकी शॉपिंग! पसंद का सामान ढूंढने से लेकर पेमेंट और ऑर्डर तक संभालेगा पूरा काम
सफर के दौरान इन बातों का रखें ध्यान
ट्रेन में मोबाइल पर वीडियो या रील्स देखते समय ईयरफोन का इस्तेमाल करें। स्पीकर पर तेज आवाज में गाने न बजाएं और फोन पर बातचीत करते समय आवाज धीमी रखें। खासकर रात के समय सहयात्रियों की नींद और आराम का ध्यान रखना जरूरी है। छोटी-सी सावधानी आपको कानूनी परेशानी से बचाने के साथ दूसरे यात्रियों का सफर भी आरामदायक बना सकती है।
