जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में चाकूबाजी की घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति निर्मित हो गई। पनारा पारा इलाके में पुरानी रंजिश के चलते एक नाबालिग पर 40 वर्षीय मुन्नू कश्यप की चाकू मारकर हत्या करने का आरोप है। घटना से आक्रोशित लोगों ने कथित आरोपी के घर का घेराव कर जमकर पथराव किया। हालात को देखते हुए मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
ध्रुव जुरेल ने हवा में उड़कर लपका हैरतअंगेज कैच, बल्लेबाज भी रह गया हैरान! देखें VIDEO
जानकारी के मुताबिक, कोतवाली थाना क्षेत्र में हुई इस वारदात के पीछे पुरानी रंजिश बताई जा रही है। घटना में मुन्नू कश्यप की मौत के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग कथित नाबालिग आरोपी के घर के बाहर इकट्ठा हो गए और पथराव शुरू कर दिया। इससे इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। शुरुआती जानकारी में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश के साथ प्रेम प्रसंग का एंगल भी सामने आ रहा है। बताया जा रहा है कि वारदात के बाद नाबालिग आरोपी फरार है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वहीं, किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
