CG Weather: राजस्थान के कुछ हिस्सों से मानसून की विदाई का दौर शुरू हो गया है, लेकिन छत्तीसगढ़ में अभी बारिश का सिलसिला जारी रहने के संकेत हैं। मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में एक नया मौसमी सिस्टम बनने की संभावना है। इसके प्रभाव से प्रदेश में 22 सितंबर से बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। कुछ इलाकों में भारी बारिश भी होने की संभावना जताई गई है।
पिकनिक पर जाने से पहले जान लें मौसम का हाल
अगर आप रविवार को पिकनिक या घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो घर से निकलने से पहले मौसम की स्थिति जरूर जान लें। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी आशंका है। अगले दो दिनों तक प्रदेश के कई इलाकों में इसी तरह का मौसम बना रह सकता है।
कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
रविवार को प्रदेश के कई जिलों में बारिश और मौसम खराब रहने की संभावना को देखते हुए अलर्ट जारी किया गया है। बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव और गरियाबंद में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, आकाशीय बिजली गिरने और बारिश की संभावना जताई गई है।
वहीं सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, रायगढ़, दुर्ग, बेमेतरा और कबीरधाम में बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
22 से 25 सितंबर तक बारिश के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक 19 सितंबर से अंडमान सागर और उसके आसपास के क्षेत्र में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके अगले 24 घंटे में और अधिक संगठित होकर निम्न दबाव के क्षेत्र में बदलने की संभावना है। इसके आगे बढ़ने और मजबूत होने पर बंगाल की खाड़ी में यह सिस्टम अवदाब का रूप ले सकता है।
इस मौसमी सिस्टम के प्रभाव से 22 से 25 सितंबर के बीच छत्तीसगढ़ में व्यापक बारिश होने के आसार हैं। वहीं 22 सितंबर को प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश भी हो सकती है।
29 सितंबर के बाद मानसून की विदाई संभव
मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार छत्तीसगढ़ से मानसून की विदाई का दौर 29 सितंबर के बाद शुरू हो सकता है। हालांकि, इससे पहले बंगाल की खाड़ी में बनने वाला सिस्टम प्रदेश के मौसम को प्रभावित कर सकता है और कई इलाकों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।
रायपुर में भी बारिश के संकेत
राजधानी रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में रविवार को आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के स्थानीय पूर्वानुमान के मुताबिक रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
