रायपुर रिंग रोड-1 में स्थित अशोका मिलेनियम प्लाजा में बुधवार को हंस ट्रेवल्स के गोदाम पर डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (डीआरआई) की टीम ने छापा मारा। टीम को पश्चिम बंगाल से संदिग्ध पार्सल आने की सूचना मिली थी। गोदाम की तलाशी के दौरान तीन बोरियां मिली। खोलकर देखा तो उसमें 10 और 20 रुपए के नए नोटों की करीब 1200 गड्डियां मिली।
बोरियों में कुल 16 लाख नगद रखे गए थे। मामले की सूचना राजेंद्र नगर पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कैश जब्त कर लिया है। आयकर विभाग ने भी जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक यह पार्सल कोलकाता से उदय भानू बिस्वाल ने रायपुर भेजा था।
रायपुर से इसे दिल्ली भेजना था। जहां इस पार्सल को कोमल किशोर गुप्ता को रिसीव करना था। पुलिस ने ट्रैवल्स कंपनी से बिल्टी जब्त की है, जिसमें भेजने और प्राप्तकर्ता की जानकारी दर्ज है।
दोनों की जांच की जा रही है। फोन नंबर के आधार पर उनकी डिटेल खंगाली जा रही है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि यह रकम हवाला की है। पुलिस से बचने के लिए ट्रैवल्स कंपनी से इसे दिल्ली भेजा जा रहा था।
इसलिए शक में मारा छापा पश्चिम बंगाल से रायपुर तक सोने की तस्करी के मामले सामने आते रहे हैं। कुछ साल पहले डीआरआई ने छापेमारी कर सोने की तस्करी का खुलासा किया था, जिसके तार दुर्ग और राजनांदगांव से जुड़े थे। इसके बाद चांदी की तस्करी का मामला भी पकड़ा गया।
हाल ही में दिल्ली से आए एक विदेशी युवक को ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया गया है। गांजा तस्करी के मामलों में भी लगातार कार्रवाई हो रही है। रायपुर में डीआरआई की टीम बेहद सक्रिय है और तस्करी से जुड़े मामलों पर लगातार नजर रखे हुए है।
