भिलाई: छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियों के बीच हजारों युवाओं के मतदान अधिकार को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। नगर निगम भिलाई, रिसाली, भिलाई-3 चरोदा और नगर पालिका जामुल में 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके हजारों युवा आगामी दिसंबर 2026 में होने वाले निकाय चुनाव में मतदान से वंचित हो सकते हैं। इस समस्या को देखते हुए निर्वाचक नामावली का प्रारूप क-1, ख और ग जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ाने की मांग की गई है।
इस संबंध में संबंधित निकायों की निर्वाचक नामावली जमा करने की समय-सीमा बढ़ाने के लिए मांग उठाई गई है। आवेदन में बताया गया है कि 1 अक्टूबर 2026 की स्थिति में 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं ने मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए निर्वाचन आयोग की वेबसाइट और मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) के समक्ष फॉर्म-6 जमा किया था। यह प्रक्रिया 23 अक्टूबर से 3 नवंबर 2026 तक चली, लेकिन अब तक कई आवेदकों को EPIC नंबर जारी नहीं हुआ है।
वेबसाइट फ्रीज होने से अटकी प्रक्रिया
आवेदन में दावा किया गया है कि 21 अक्टूबर 2026 से भारत निर्वाचन आयोग और छत्तीसगढ़ निर्वाचन आयोग की वेबसाइट फ्रीज होने के कारण नए मतदाताओं के नाम जोड़ने की प्रक्रिया प्रभावित हुई है। फॉर्म-6 जमा करने के बावजूद EPIC नंबर जारी नहीं होने से युवाओं के नाम निकायों की मतदाता सूची में शामिल होने की प्रक्रिया लंबित है।
भिलाई में 4 से 5 हजार युवाओं के प्रभावित होने की आशंका
भिलाई नगर निगम क्षेत्र में ऐसे युवाओं की संख्या लगभग 4 से 5 हजार बताई जा रही है। यदि समय पर इनके नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं हुए तो ये युवा दिसंबर में होने वाले निकाय चुनाव में महापौर और पार्षद चुनने के लिए मतदान नहीं कर सकेंगे। इसी तरह रिसाली, भिलाई-3 चरोदा, बीरगांव और जामुल के हजारों युवा भी प्रभावित हो सकते हैं।
पहले भी उठाया गया था मामला
इस समस्या को 3 नवंबर 2026 को भिलाई निगम के रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के समक्ष आपत्ति के माध्यम से उठाया गया था। साथ ही जिला निर्वाचन विभाग दुर्ग को भी इसकी जानकारी दी गई थी। आवेदन के अनुसार, जिला निर्वाचन विभाग ने इस संबंध में निर्वाचन आयोग को पत्र लिखने का आश्वासन दिया था, लेकिन 11 नवंबर तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
निर्वाचक नामावली जमा करने की तारीख बढ़ाने की मांग
प्रारूप क-1 जमा करने की अंतिम तारीख 11 नवंबर 2026 निर्धारित है। ऐसे में मांग की गई है कि नगर निगम भिलाई, रिसाली, भिलाई-3 चरोदा और नगर पालिका जामुल की निर्वाचक नामावली के प्रारूप क-1, ख और ग जमा करने की समय-सीमा बढ़ाई जाए, ताकि समय पर फॉर्म-6 जमा करने वाले सभी पात्र युवाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल हो सकें और उन्हें निकाय चुनाव में मतदान का अवसर मिल सके।
