कोंडागांव। बस्तर की पारंपरिक शिल्पकला को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी पहचान मिली है। कोंडागांव के बेलमेटल और लौह शिल्प से तैयार कलाकृतियों का चयन राष्ट्रपति भवन के विशेष आमंत्रण पत्रों की सजावट के लिए किया गया है। कलाकारों की उत्कृष्ट कारीगरी से प्रभावित होकर राष्ट्रपति भवन ने जिले के 11 शिल्पकारों को विशेष आमंत्रण भेजा है। इस उपलब्धि से न केवल कोंडागांव, बल्कि पूरे बस्तर की सांस्कृतिक विरासत का गौरव बढ़ा है। आमंत्रण मिलने के बाद सभी कलाकार दिल्ली जाने की तैयारियों में जुटे हैं।
राष्ट्रपति भवन के निमंत्रण पत्रों में सजेगी बस्तर की कला
कोंडागांव की बेलमेटल और लौह शिल्प से बनी कलाकृतियों को महाराष्ट्र, गोवा और छत्तीसगढ़ सहित विभिन्न राज्यों की चयनित हस्तशिल्प सामग्रियों के साथ राष्ट्रपति भवन के विशेष निमंत्रण पत्रों की सजावट में जगह मिली है। यह उपलब्धि स्थानीय कलाकारों की रचनात्मकता और पीढ़ियों से चली आ रही पारंपरिक कारीगरी को राष्ट्रीय पहचान मिलने का प्रतीक है।
लोहे की 700 घंटियों ने खींचा ध्यान
इस उपलब्धि में ग्राम किड़ईछेपड़ा के शिल्पकारों का विशेष योगदान रहा है। गांव के सुनील विश्वकर्मा, अनिल विश्वकर्मा और नगीना विश्वकर्मा ने मिलकर लोहे की 700 आकर्षक घंटियां तैयार की थीं। इन कलाकृतियों में बस्तर की पारंपरिक लौह शिल्पकला और कलाकारों की रचनात्मकता की झलक देखने को मिलती है।
शुक्रवार को दिल्ली रवाना होगा 11 शिल्पकारों का दल
राष्ट्रपति भवन से आमंत्रण मिलने के बाद जिले के 11 हस्तशिल्पियों का दल शुक्रवार को दिल्ली के लिए रवाना होगा। इनमें पारंपरिक बेलमेटल कलाकारों के साथ आठ लौह शिल्पकार शामिल हैं। कलाकार अपनी पारंपरिक वेशभूषा में दिल्ली पहुंचेंगे और साथ में बस्तर की शिल्प परंपरा को दर्शाने वाली कलाकृतियां भी ले जाएंगे। जिला प्रशासन की ओर से उनकी यात्रा और ठहरने की आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।
RTE Rules 2026: छत्तीसगढ़ में बदले प्रवेश के नियम, अब दूरी के चलते नहीं अटकेगा बच्चों का दाखिला
स्थानीय बाजारों से निकलकर राष्ट्रपति भवन तक पहुंची कोंडागांव की कला ने साबित कर दिया है कि बस्तर का पारंपरिक हुनर अब राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बना रहा है।
