छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में लूट की नीयत से घर में दाखिल हुए आरोपितों ने शुक्रवार तड़के कांग्रेस नेता सम्मेलाल कश्यप के बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी। तीन नकाबपोश आरोपित लगभग साढ़े तीन बजे घर में घुसे और फायरिंग शुरू कर दी।
इस दौरन सीमेंट-रेत व्यवसायी और पूर्व ब्लाक कांग्रेस उपाध्यक्ष सम्मेलाल कश्यप के 19 वर्षीय बेटे आयुष को सिर और सीने में गोली लगी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई, वहीं छोटे बेटे आशुतोष के भी दाहिने हाथ में गोली लगी है। उसका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। घटना बिर्रा थाना क्षेत्र की है।
वारदात के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप ने बताया कि घटना के दौरान आरोपितों ने घर के अन्य सदस्यों को उनके कमरे में बंद कर दिया था।
ताकि मदद के लिए कोई बाहर न निकल सके। पुलिस नाकेबंदी कर आरोपितों की तलाश कर रही है। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
