राजधानी के सदर बाजार स्थित एक प्रतिष्ठित ज्वेलरी दुकान में सोने के गबन का मामला सामने आया है। दुकान संचालक की शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस ने लंबे समय से कार्यरत कर्मचारी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मनोहरमल एंड कंपनी के संचालक सुरेश भंसाली ने शिकायत दर्ज कराई कि दुकान में कार्यरत सूरज साहू को रोजाना डिस्प्ले में रखे सोने-चांदी के आभूषणों को सुरक्षित लॉकर में रखने की जिम्मेदारी दी गई थी। आरोप है कि 9 अप्रैल को कर्मचारी ने आभूषणों को निर्धारित स्थान पर जमा करने के बजाय अपने पास ही रख लिया।
कुछ दिनों बाद स्टॉक की जांच के दौरान भारी गड़बड़ी सामने आई। 13 अप्रैल को कराए गए मिलान में करीब 1495 ग्राम 670 मिलीग्राम सोना कम पाया गया। इसके बाद दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। जांच में कर्मचारी सूरज साहू कथित रूप से आभूषण अपने साथ ले जाते हुए दिखाई दिया।मामले की जानकारी मिलने के बाद कोतवाली थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस अब गुम हुए सोने की कीमत और पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
