फिर टला विष्णुदेव साय कैबिनेट विस्तार, नामों पर नहीं बनी सहमति

रायपुर। छत्तीसगढ़ में बहुप्रतीक्षित विष्णुदेव साय कैबिनेट का विस्तार एक बार फिर से टल गया है। 9 अप्रैल की शाम या 10 अप्रैल की सुबह मंत्रियों के शपथ की संभावनाएं लगभग तय मानी जा रही थीं। दिल्ली से संगठन महामंत्री शिवप्रकाश और प्रदेश प्रभारी नीतीन नबीन के रायपुर पहुंचने के बाद अटकलें और तेज हो गई थीं। स्वयं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मीडिया से बातचीत में संकेत देते हुए कहा था कि “अब नए मंत्रियों के शपथ का समय आ गया है”, जिससे यह स्पष्ट हो गया था कि विस्तार में अब देर नहीं है।

हालांकि, सूत्रों के अनुसार अंतिम क्षणों में नए मंत्रियों के नामों पर सहमति नहीं बन पाने के कारण शपथ ग्रहण एक बार फिर टाल दिया गया। संभावित मंत्रियों के तौर पर अमर अग्रवाल, गजेंद्र यादव और पुरंदर मिश्रा के नामों की चर्चा जोरों पर थी, लेकिन पार्टी के अंदरूनी सूत्रों के अनुसार इनमें से एक नाम पर प्रदेश के कुछ वरिष्ठ नेताओं ने कड़ी आपत्ति जताई है।

बताया जा रहा है कि यह नाम केंद्रीय नेतृत्व की ओर से सुझाया गया है, लेकिन छत्तीसगढ़ बीजेपी के वरिष्ठ नेता उस सिफारिश से सहज नहीं हैं। इस असहमति के चलते कैबिनेट विस्तार पर फिर से विराम लग गया है।

अब देखना होगा कि पार्टी इस गतिरोध को कैसे सुलझाती है और विष्णुदेव साय कैबिनेट को आखिरकार नया स्वरूप कब मिलता है।

Share.
© 2025 News Lead 18. Designed by Nimble Technology.
Exit mobile version