बिलासपुर। रायपुर के होटल कारोबारी दीपक टंडन की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। फर्जी खबरें प्रकाशित करने, AI टूल के जरिए तस्वीरों से छेड़छाड़ करने और आपत्तिजनक सामग्री के माध्यम से लोगों को ब्लैकमेल करने के आरोप में गिरफ्तार दीपक टंडन को अदालत से राहत नहीं मिली है। नवम सत्र न्यायाधीश की अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए उसकी जमानत याचिका खारिज कर दी है।
न्यूज पोर्टल की आड़ में ब्लैकमेलिंग का आरोप
पुलिस के अनुसार, दीपक टंडन पर न्यूज पोर्टल के माध्यम से भ्रामक और छवि खराब करने वाली खबरें प्रकाशित करने का आरोप है। शिकायत में कहा गया है कि AI टूल की मदद से लोगों की तस्वीरों में बदलाव कर आपत्तिजनक सामग्री तैयार की जाती थी। इसके बाद ऐसी तस्वीरें और खबरें प्रसारित करने की धमकी देकर लोगों पर रुपये देने का दबाव बनाया जाता था।
इस मामले में तिफरा निवासी मणिशंकर पांडेय की शिकायत पर सिरगिट्टी थाने में अपराध दर्ज किया गया था।
6 नवंबर को रायपुर से हुई थी गिरफ्तारी
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने 6 नवंबर को रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर स्थित रजत प्राइम अपार्टमेंट से दीपक टंडन को गिरफ्तार किया था। उसके कब्जे से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए थे। पुलिस का दावा है कि मोबाइल की जांच में आपत्तिजनक फोटो, वीडियो और ऑडियो सामग्री मिली है।
राष्ट्रपति भवन में चमकी छत्तीसगढ़ की कला, समृद्ध हस्तशिल्प परंपरा को मिला राष्ट्रीय सम्मान
प्रोडक्शन वारंट पर रायपुर लाई गई पुलिस
जानकारी के मुताबिक, पुलिस दीपक टंडन को प्रोडक्शन वारंट पर बिलासपुर से रायपुर लेकर पहुंची, जहां उसे अदालत में पेश किया गया। दीपक टंडन और उसकी पत्नी बरखा टंडन के खिलाफ रायपुर, कोरबा और सक्ती समेत प्रदेश के अलग-अलग जिलों में करीब 10 FIR दर्ज होने की बात सामने आई है।
दोनों पर होटल पर अवैध कब्जे, जमीन संबंधी धोखाधड़ी, फर्जी सौदे, फॉर्च्यूनर कार बेचने के नाम पर 20 लाख रुपये की ठगी और कोयला कारोबारियों को ठेका दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी जैसे आरोप भी हैं। इसके अलावा SECL में ठेका दिलाने के नाम पर ठगी, पैसे मांगने पर धमकी देने और AI से तैयार की गई तस्वीरों के जरिए ब्लैकमेलिंग के आरोप भी लगाए गए हैं।
दीपक टंडन का नाम पूर्व डीएसपी कल्पना वर्मा से जुड़े विवाद में भी सामने आ चुका है। फिलहाल पुलिस जब्त मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है।
