रायपुर जिले के आरंग में पुलिस ने गौवंश तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 नाबालिग समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी टाटा मैजिक वाहन में बैलों को क्रूरतापूर्वक भरकर कच्चे रास्ते से ले जा रहे थे।
पुलिस ने वाहन को जब्त कर तीनों बैलों को मुक्त कराया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों का नाम संजय टंडन (35), राजेश उर्फ ननची यादव (22) और कमलेश यादव (21) बताया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश करके पुलिस ने जेल भेज दिया है।
आरंग पुलिस के अनुसार गुरुवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक टाटा मैजिक वाहन (CG 06 GZ 9607) में गौवंश को अवैध रूप से भरकर पंधी गांव की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने पंधी जाने वाले कच्चे रास्ते पर घेराबंदी की और संदिग्ध वाहन को रोक लिया।
तलाशी के दौरान वाहन में 3 बैल ठूंस-ठूंसकर भरे मिले। पुलिस के अनुसार, जानवरों के साथ बेहद क्रूरता बरती जा रही थी। जब आरोपियों से परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज मांगे गए तो वे कोई कागजात पेश नहीं कर सके।
इसके बाद पुलिस ने वाहन और गौवंश को जब्त कर सभी आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम संजय टंडन (35), राजेश उर्फ ननची यादव (22) और कमलेश यादव (21) बताया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी संजय टंडन पहले भी गौ-तस्करी के मामले में जेल जा चुका है।
गिरोह के अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस अब इस गिरोह के नेटवर्क और अन्य जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों का कहना है कि गौवंश तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
