रायपुर में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों की जांच तेज, पुलिस कर रही दस्तावेजों का सत्यापन

रायपुर। छत्तीसगढ़ में पाकिस्तान से आए करीब 2000 लोगों की उपस्थिति को लेकर प्रशासन सतर्क हो गया है। इनमें से लगभग 1800 लोग राजधानी रायपुर में रह रहे हैं। पुलिस अब इन सभी के वीजा और अन्य दस्तावेजों की गहन जांच में जुट गई है। बताया जा रहा है कि इन लोगों में 95% सिंधी समुदाय से हैं, जबकि शेष मुस्लिम हैं।

सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हाल ही में सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों से फोन पर बातचीत कर यह सुनिश्चित करने को कहा कि कोई भी पाकिस्तानी नागरिक तय समय सीमा से अधिक भारत में न रहे। इसके बाद राज्य प्रशासन हरकत में आया है और रायपुर में विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

रायपुर के सड्डू, महावीरनगर, बोरियाकला और माना रोड जैसे इलाकों में इन लोगों ने अपने आवास बना लिए हैं। पुलिस और प्रशासन अब नए सिरे से इनकी सूची तैयार कर रहा है, जिससे इनकी नागरिकता और वीजा की स्थिति का सही तरीके से सत्यापन किया जा सके।

अधिकारियों के अनुसार, जिन लोगों को अब तक भारतीय नागरिकता नहीं मिली है, उनकी अलग से पहचान की जा रही है। इस प्रक्रिया का उद्देश्य न केवल वैध दस्तावेजों की जांच करना है, बल्कि यह सुनिश्चित करना भी है कि कोई व्यक्ति अवैध रूप से देश में ना रह रहा हो।

Share.
© 2025 News Lead 18. Designed by Nimble Technology.
Exit mobile version