कवर्धा जिले सुशासन तिहार के तहत कवर्धा जिले के ग्राम लोखान में सोमवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का दौरा संवेदनशीलता और जन सरोकारों से जुड़ा रहा। इस दौरान पंडरिया विधायक भावना बोहरा भी उपस्थित रहीं। निर्माणाधीन पंचायत भवन के निरीक्षण के दौरान वे सीधे श्रमिकों के बीच पहुंचे और उनके साथ जमीन पर बैठकर पारंपरिक भोजन बोरे बासी और आमा चटनी का स्वाद लिया।
महिला श्रमिकों ने सीएम को दोपहर के भोजन का निमंत्रण दिया, जिसे उन्होंने सहजता से स्वीकार किया। श्रमिकों द्वारा लाए पान पुरवा रोटी, चना भाजी, चरोटा भाजी और मुनगा बड़ी के साथ बोरे बासी खाया। इसे अपनी संस्कृति से जुड़ा बताया।
मुख्यमंत्री साय ने शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी हकीकत को भी समझने का प्रयास किया। उन्होंने श्रमिक महिलाओं से महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ के बारे में विस्तार से जानकारी ली। महिलाओं ने भी खुले मन से अपने अनुभव साझा किए, जिससे मुख्यमंत्री को योजनाओं की वास्तविक स्थिति का सीधा फीडबैक मिला। जिस पर महिलाओं ने पहाड़ी क्षेत्र में पेयजल संकट की बात रखी।
बताया कि बोरवेल और हैंडपंप गर्मी में जवाब दे देते हैं, जिससे पानी की समस्या बढ़ जाती है। इस पर मुख्यमंत्री ने तत्काल संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को समाधान करने कहा। मौके पर कलेक्टर गोपाल वर्मा ने बताया कि 26 गांवों के लिए पाइपलाइन आधारित पेयजल योजना तैयार है। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन का अर्थ योजनाओं को समय पर जमीन पर उतारना है।
