डोंगरगढ़ रोपवे हादसा: पूर्व गृह मंत्री रामसेवक पैकरा बाल-बाल बचे, भाजपा नेता भरत वर्मा घायल
डोंगरगढ़। छत्तीसगढ़ की धार्मिक नगरी डोंगरगढ़ में शुक्रवार को बड़ा हादसा टल गया जब मां बम्लेश्वरी मंदिर से लौटते समय रोपवे का एक हिस्सा टूट गया। इस दुर्घटना में प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री और भाजपा नेता रामसेवक पैकरा बाल-बाल बच गए, जबकि भाजपा नेता भरत वर्मा को गंभीर चोटें आई हैं।
जानकारी के अनुसार, रामसेवक पैकरा और अन्य श्रद्धालु रोपवे की ट्रॉली में सवार होकर मंदिर से नीचे लौट रहे थे, तभी अचानक तकनीकी गड़बड़ी के कारण रोपवे का एक हिस्सा टूटकर गिर गया। हादसे में छह लोग सवार थे, जिनमें रामसेवक पैकरा, भरत वर्मा, दया सिंह और मनोज अग्रवाल के नाम सामने आए हैं।
हादसे में भरत वर्मा को गंभीर चोटें आई हैं और उन्हें तत्काल राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं, रामसेवक पैकरा को कंधे और पीठ में चोट लगने की खबर है, हालांकि उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, इस दुर्घटना के पीछे रोपवे के रखरखाव में लापरवाही को कारण माना जा रहा है। हादसे के बाद प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और स्थिति का जायजा लिया।
इस हादसे ने एक बार फिर धार्मिक स्थलों में उपयोग हो रहे तकनीकी साधनों की सुरक्षा और समय-समय पर मेंटेनेंस की जरूरत को उजागर कर दिया है। प्रशासन ने जांच के आदेश दे दिए हैं और दोषियों पर कार्रवाई की बात कही है।