रायपुर : छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची से छूटे पात्र नागरिकों के नाम जोड़ने और मतदाताओं का दोबारा सत्यापन करने के लिए एक महीने का विशेष अभियान शुरू किया गया है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चल रहे इस अभियान के तहत मतदाता सूची से हटाए गए नामों की भी दोबारा जांच की जाएगी। पहली बार मतदान करने वाले युवाओं के पंजीकरण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी यशवंत कुमार ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता में अभियान की जानकारी दी।
छत्तीसगढ़ में 18 IPS अधिकारियों का तबादला, गृह विभाग ने जारी किया आदेश; कई जिलों में बदली जिम्मेदारी
SIR में 24.99 लाख मतदाताओं के नाम हटे
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी यशवंत कुमार के अनुसार, छत्तीसगढ़ में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान करीब 24.99 लाख मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं। इनमें लगभग 6.42 लाख मृत मतदाता और 19,13,540 अनुपस्थित या स्थानांतरित मतदाता शामिल हैं। वहीं, पुनरीक्षण के दौरान 2,35,994 नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए हैं।
अब विशेष अभियान के तहत बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। इस दौरान पात्र पाए जाने वाले उन नागरिकों की मदद की जाएगी, जिनके नाम किसी कारणवश मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सके हैं।
मतदान केंद्रों और स्कूल-कॉलेजों में लगेंगे शिविर
मतदाता पंजीकरण को आसान बनाने के लिए प्रत्येक सप्ताह बुधवार और गुरुवार को मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। वहीं, शुक्रवार और शनिवार को स्कूल-कॉलेजों में पंजीकरण अभियान चलाया जाएगा।
इसके अलावा आईटीआई, हाई स्कूल, हायर सेकेंडरी स्कूल और उच्च शिक्षण संस्थानों में भी शिविर लगाए जाएंगे। इन संस्थानों के इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब के माध्यम से युवाओं को मतदाता पंजीकरण के प्रति जागरूक किया जाएगा।
बीएलओ को फॉर्म-6 के आवेदन प्राप्त करने और क्षेत्र सत्यापन रिपोर्ट तैयार करने की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी मतदाता सूची राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों (BLA) के साथ साझा करेंगे।
17 वर्ष से अधिक उम्र के युवा भी कर सकते हैं आवेदन
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि पहली बार मतदान करने वाले युवाओं का पंजीकरण अभियान की प्राथमिकताओं में शामिल है। 17 वर्ष से अधिक आयु के युवा भी मतदाता पंजीकरण के लिए फॉर्म-6 भरकर आवेदन कर सकते हैं। पात्रता पूरी होने पर नियमानुसार उनका नाम मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा।
CG Weather Update: मानसून की विदाई के बीच छत्तीसगढ़ में बदलेगा मौसम, जानिए आज कैसा रहेगा मौसम का हाल
मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए ऐसे करें आवेदन
मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए नागरिक ऑनलाइन और ऑफलाइन, दोनों माध्यमों से आवेदन कर सकते हैं।
- ऑनलाइन: ECINET मोबाइल ऐप या निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट voters.eci.gov.in के माध्यम से फॉर्म-6 भरें।
- ऑफलाइन: अपने मतदान केंद्र के बूथ लेवल अधिकारी (BLO) के पास फॉर्म-6 जमा करें।
- BLO से संपर्क: ECINET ऐप पर उपलब्ध ‘Book a Call with BLO’ सुविधा का उपयोग करें।
- हेल्पलाइन: पंजीकरण संबंधी जानकारी और सहायता के लिए 1950 पर कॉल करें।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी यशवंत कुमार ने सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे विशेष अभियान का लाभ उठाएं और मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज होने की पुष्टि करें।
