रायपुर के बिरगांव नगर पालिक निगम इलाके में गुरुवार सुबह नाली में एक नवजात शिशु का शव मिला। मामला उरला थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 24 का है। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास लोगों की भीड़ जुट गई।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, सुबह कुछ राहगीरों ने नाली में कपड़े में लिपटा नवजात देखा। करीब जाकर देखने पर पता चला कि नवजात की मौत हो चुकी है। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। उरला पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया
पुलिस ने शव पीएम के लिए भेजा
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि, किसी ने जन्म के बाद नवजात को नाली में फेंक दिया। हालांकि, बच्चा मृत पैदा हुआ था या जन्म के बाद उसकी मौत हुई, इसका खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा
सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही इलाके के अस्पतालों, क्लीनिक और दाइयों से भी जानकारी जुटाई जा रही है, जिससे यह पता लगाया जा सके कि नवजात को यहां कौन छोड़कर गया?
