रायपुर जिले के अभनपुर थाना क्षेत्र में देर रात लूट की घटना सामने आई है। ग्राम केंद्री स्थित बस स्टॉप के पास दो अज्ञात युवकों ने आबकारी विभाग के एक कर्मचारी को डराकर खेत में ले जाकर सोने के जेवर लूट लिए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
पुलिस के मुताबिक, प्रार्थी आकाश कुमार तिवारी (उम्र 38 वर्ष) गरियाबंद आबकारी विभाग में लिपिक के पद पर पदस्थ हैं। वे 2 मई की रात ड्यूटी के बाद अपने दोस्त के घर राजिम में खाना खाकर करीब 11:30 बजे रायपुर लौट रहे थे।
गांजा होने की बात कहकर जबरदस्ती तलाशी लेने लगे
रात करीब 12:30 बजे जब वे ग्राम केंद्री बस स्टॉप के पास रुके और यात्री प्रतीक्षालय में बैठे थे, तभी अभनपुर की ओर से पल्सर बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। दोनों युवकों ने पहले माचिस मांगी और फिर गांजा होने की बात कहकर जबरदस्ती तलाशी लेने लगे।
खेत में ले जाकर दी जान से मारने की धमकी
जब प्रार्थी ने विरोध किया, तो आरोपियों ने मोबाइल की रोशनी में उसे देखा और जबरदस्ती हाथ पकड़कर पास के खेत में ले गए। वहां दोनों ने उसे जमीन पर गिराकर जान से मारने की धमकी दी और उसके हाथ की दो सोने की अंगूठी व गले की सोने की चेन लूट ली।
लूटे गए जेवरों की कुल कीमत करीब 80 हजार रुपये बताई जा रही है। घटना के समय अकेले होने और जान का खतरा होने के कारण प्रार्थी विरोध नहीं कर सका।
रात में घर गया, अगले दिन दर्ज कराई रिपोर्ट
घटना के बाद पीड़ित सीधे अपने घर रायपुर चला गया और अगले दिन 3 मई को अभनपुर थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 309(4) और 351(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सीसीटीवी और संदिग्धों की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संदिग्ध बाइक सवार युवकों की तलाश की जा रही है। प्रार्थी ने बताया कि वह आरोपियों को सामने आने पर पहचान सकता है।
