रायपुर : PWD विधानसभा संभाग, रायपुर स्थित आवक–जावक शाखा की अत्यंत जर्जर एवं असुरक्षित स्थिति को लेकर अंतरराष्ट्रीय मानव अधिकार संरक्षण आयोग (IHRPC) के प्रदेश महासचिव श्री प्रदुमन शर्मा ने गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए विभाग को तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई के लिए विभाग को आग्रह पत्र जारी किया है।
श्री शर्मा ने बताया कि शाखा में लगाए गए लोहे के ऐंगल से बने शेल्फ पूरी तरह जर्जर हो चुके हैं तथा फॉल्स सीलिंग कई स्थानों पर नीचे लटक गई है, जो किसी भी क्षण गिरकर बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है।

हालिया उदाहरण से बढ़ी चिंता :- उन्होंने यह भी कहा कि—
“इसी प्रकार की लापरवाही के कारण कुछ दिनों पूर्व कलेक्टर परिसर की जावक शाखा की छत अचानक गिर पड़ी थी। संयोगवश उस दिन रविवार होने से कर्मचारी उपस्थित नहीं थे, अन्यथा एक बड़ी दुर्घटना होना तय था। यह घटना स्पष्ट चेतावनी है कि ऐसी संरचनात्मक खामियाँ कर्मचारियों के जीवन पर सीधे खतरे का कारण बनती हैं।”

IHRPC प्रदेश महासचिव ने यह भी रेखांकित किया कि असुरक्षित कार्यस्थल प्रदान करना मानव अधिकारों एवं श्रम सुरक्षा सिद्धांतों का उल्लंघन है।उन्होंने कहा कि:
• प्रत्येक कर्मचारी को सुरक्षित, स्वच्छ और जोखिम–मुक्त कार्यस्थल का अधिकार है।
• सरकारी कार्यालयों में जारी Unsafe Working Conditions कर्मचारियों की गरिमा और सुरक्षा के विपरीत हैं।
• प्रशासन की जिम्मेदारी है कि कर्मचारियों को भय और खतरे से मुक्त वातावरण उपलब्ध कराया जाए।
श्री शर्मा ने विभाग से आग्रह किया है कि—जर्जर शेल्फों की तत्काल मरम्मत या प्रतिस्थापन,ढीली फॉल्स सीलिंग की त्वरित मरम्मत तथा कार्यस्थल की समग्र सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु प्राथमिक कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी संभावित दुर्घटना को रोकने के लिए यह आवश्यक है कि विभाग इस विषय को गंभीरता से ले और शीघ्र सुधारात्मक कदम उठाए।

