सोने-चांदी की कीमतों में आज हफ्ते के पहले कारोबारी दिन सोमवार को जबरदस्त गिरावट देखी जा रही है। घरेलू वायदा बाजार में सोने के भाव औंधे मुंह गिर रहे हैं। शुरुआती कारोबार में एमसीएक्स पर सोने का भाव 5.33 फीसदी या 7,708 रुपये की गिरावट के साथ 1,36,784 रुपये प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड करता दिखाई दिया। पिछले हफ्ते सोने की कीमतों में 10 फीसदी से अधिक की गिरावट दर्ज हुई थी
यूएस-ईरान युद्ध के तेजी से बढ़ने से महंगाई को लेकर चिंता काफी अधिक हो गई है। क्रूड ऑयल की कीमतें भी लगातार ऊपर जा रही हैं। केडिया एडवाइजरी के डायरेक्टर अजय केडिया ने बताया कि सोने की कीमतों के लिए ओवरऑल ट्रेंड निगेटिव बना हुआ है। उन्होंने कहा कि इन स्तरों से ऊपर जाने पर निवेशक बिकवाली कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि सोने के लिए वैश्विक बाजार में 4,116 डॉलर पर सपोर्ट दिख रहा है। वहीं, 4,480 डॉलर के लेवल पर प्रतिरोध है
चांदी में जबरदस्त गिरावट
सोने के साथ ही चांदी की कीमतों में भी भारी-भरकम गिरावट देखी जा रही है। घरेलू वायदा बाजार में चांदी जबरदस्त गिरावट के साथ ट्रेड करती दिखी है। शुरुआती कारोबार में एमसीएक्स पर चांदी का भाव 6.52 फीसदी या 14,775 रुपये की गिरावट के साथ 2,11,997 रुपये प्रति किलोग्राम पर ट्रेड करता दिखा।
