छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पांच वर्षीय मासूम के दुष्कर्म की वारदात हुई है। मासूम शुक्रवार दोपहर घर के पास स्थित किराना दुकान पर चॉकलेट खरीदने गई थी। इस दौरान आरोपित धनेश्वर साहू उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।
मासूम के लापता होने पर स्वजन ने खोजबीन शुरू की। इस दौरान वह खंडहर के पास झाड़ियों में बोरे में बंद और अचेत अवस्था में मिली। उसे तुरंत अस्पताल भेजा गया। अपहरण और दुष्कर्म की घटना से लोगों में गुस्सा फैल गया है।
शुक्रवार रात को नाराज ग्रामीणों ने थाने का घेराव किया। इस दौरान भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, लोगों ने आरोपित को फांसी देने की मांग की है।
पाटन के एसडीओपी अनूप लकड़ा ने बताया कि प्रदर्शनकारियों को समझाया गया कि मामले की सुनवाई त्वरित न्यायालय में कराई जाएगी। इसके बाद वे वापस लौट गए। शनिवार को जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और आरोपित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
