रायपुर: छत्तीसगढ़ में रेल कनेक्टिविटी के विस्तार की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रावघाट से रायपुर और रायपुर से कुरूद के बीच नई यात्री रेल सेवाओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव वर्चुअल माध्यम से जुड़े, जबकि सांसद बृजमोहन अग्रवाल भी मौजूद रहे। इन नई सेवाओं से संबंधित क्षेत्रों के यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
दुर्ग के जेडी स्टील प्लांट में बड़ा हादसा, गर्म पिघला लोहा गिरने से ठेकेदार की दर्दनाक मौत
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि छत्तीसगढ़ के कई इलाकों को रेल नेटवर्क से जोड़ने की मांग लंबे समय से की जा रही थी। उन्होंने बताया कि रावघाट का पहली बार रेलवे नेटवर्क से जुड़ना प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। नई रेल सेवाओं से स्थानीय लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी और क्षेत्र के आर्थिक व सामाजिक विकास को गति मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले महीनों में रायपुर से धमतरी तक रेल सेवा शुरू करने की दिशा में काम तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नई रेल सेवाओं की शुरुआत को छत्तीसगढ़ के लिए बड़ी सौगात बताया। उन्होंने कहा कि रावघाट-रायपुर और रायपुर-कुरूद के बीच यात्री ट्रेनें शुरू होने से लोगों को राहत मिलेगी। मुख्यमंत्री ने भविष्य में धमतरी तक रेल सेवा पहुंचने की उम्मीद जताते हुए इस पहल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया।
