रायपुर : प्रदेश के स्कूलों में अब 20 से ज्यादा प्रोफेशनल कोर्स की पढ़ाई होगी। समग्र शिक्षा की ओर से कक्षा 12वीं में 5 नए प्रोफेशनल कोर्स शुरू करने की तैयारी की जा रही है। इसका प्रस्ताव भेजा गया है और मंजूरी के बाद कोर्स को लागू किया जाएगा। प्रस्ताव की मंजूरी के बाद ड्रोन टेक्नोलाॅजी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), ई-व्हीकल रिपेयरिंग, सोलर टेक्नीशियन और डेटा ऑटोमेशन जैसे प्रोफेशनल कोर्स शुरू किए जाएंगे। अभी स्कूलों में 15 प्रोफेशनल कोर्स संचालित हैं। नए विषय शामिल होने के बाद 20 ट्रेड हो जाएंगे। नई शिक्षा नीति के तहत स्कूली शिक्षा को रोजगारपरक बनाया जा रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रदेश में प्रोफेशनल कोर्स में विषय बढ़ाए जा रहे है। राज्य में कक्षा 12वीं में लगभग 1250 स्कूलों में अलग- अलग ट्रेड की पढ़ाई कराई जा रही है। जानकारी के अनुसार, पांच नए कोर्स शुरू होने के बाद 200 स्कूलों में व्यावसायिक पाठ्यक्रम शुरू करने की तैयारी है। यानी लगभग 1450 स्कूलों में प्रोफेशनल कोर्स की पढ़ाई होगी। इससे आने वाले समय में इन कोर्स की पढ़ाई करने वाले छात्रों के पास स्वरोजगार का विकल्प भी होगा।
अभी 15 ट्रेड में हो रही पढ़ाई
प्रदेश में सत्र 2014-15 से सरकारी स्कूलों में व्यावसायिक पाठ्यक्रम की पढ़ाई शुरू हुई। शुरुआत में 10 ट्रेड शामिल किए गए थे। अभी प्रदेश में अपैरल्स, ऑटोमोटिव, बैंकिंग फाइनांशियल सर्विसेज, ब्यूटी एंड वेलनेस, कंस्ट्रक्शन, हेल्थ केयर, आईटी, प्लंबिंग, पॉवर, रिटेल, टूरिज्म एवं हॉस्पिटैलिटी, इलेक्ट्रिॉनिक्स एंड हार्डवेयर, टेलीकॉम, एग्रीकल्चर, मीडिया एंड एंटरटेनमेंट ट्रेंड की पढ़ाई हो रही है।
नई शिक्षा नीति के तहत बड़ा बदलाव
राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) के तहत शिक्षा व्यवस्था को अधिक व्यावहारिक और स्किल-आधारित बनाने पर जोर दिया जा रहा है। इसी के तहत छत्तीसगढ़ में भी स्कूल शिक्षा को रोजगार से जोड़ने की दिशा में यह पहल की जा रही है।
ग्रामीण और शहरी दोनों छात्रों को मिलेगा लाभ
इस योजना का सबसे बड़ा लाभ ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के छात्रों को मिलने की उम्मीद है, जहां तकनीकी शिक्षा के अवसर सीमित होते हैं। अब स्कूल स्तर पर ही आधुनिक स्किल्स मिलने से छात्रों को बड़े शहरों या निजी संस्थानों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि यह पहल छत्तीसगढ़ को भविष्य की तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में एक मजबूत राज्य के रूप में स्थापित कर सकती है।
