CG Weather News: छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान अर्नब का असर अब धीरे-धीरे कमजोर पड़ने लगा है। बंगाल की खाड़ी से उठे इस सिस्टम के प्रभाव से पिछले दो दिनों से प्रदेश में मौसम बदला हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, अर्नब का शेष हिस्सा दक्षिण छत्तीसगढ़ और उससे लगे दक्षिण ओडिशा के ऊपर अवदाब के रूप में सक्रिय है। इसके आगे कमजोर होकर कम दबाव के क्षेत्र में बदलने की संभावना है। इससे प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में कमी आ सकती है।
CG News: छत्तीसगढ़ में 116 नेताओं की सुरक्षा में कटौती की तैयारी, जल्द जारी होगा आदेश
आज भी कई इलाकों में बारिश की संभावना
गुरुवार को अर्नब के प्रभाव से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। वहीं, कुछ स्थानों पर तेज बारिश भी हुई। मौसम विभाग के मुताबिक, आज रायपुर सहित प्रदेश के अनेक स्थानों पर बारिश होने के आसार हैं। उत्तर छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है।
राजधानी रायपुर में आज आसमान सामान्यतः बादलों से घिरा रहेगा। एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। यहां अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
इन इलाकों में हुई सबसे ज्यादा बारिश
बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। वर्षा के आंकड़ों के अनुसार, सुकमा, कोंटा, नेरहरपुर और पिथौरा में सबसे अधिक 7 सेंटीमीटर बारिश हुई।
इसके अलावा तोकापाल, दोरनापाल, बड़ेराजपुर, केशकाल, छिंदगढ़, कांकेर, कुकरेल, बलरामपुर, नगरी, बसना, सरोना, कटेकल्याण, बेलरगांव, राजिम, कुसमी, धमतरी, अमलीपदर, प्रेमनगर, देवभोग, मैनपुर, फरसगांव, गादीरास और बागबाहरा में 5 से 6 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
वहीं माकड़ी, चारामा, सरायपाली, राजनांदगांव, पलारी, पेंड्रा रोड, मुकडेगा, करपावंड, लोहांडीगुड़ा, गुरुर, नानगुर, पथरिया, रायपुर, धनोरा, बलौदा, अर्जुन्दा, हसौद, छुरा और गरियाबंद में 4 सेंटीमीटर बारिश हुई।
Fake Job Offer: ज्यादा सैलरी और बिना इंटरव्यू नौकरी का वादा तो नहीं है स्कैम? ऐसे करें पहचान
उत्तर दिशा की ओर बढ़ रहा अवदाब
मौसम विभाग के मुताबिक, अवदाब लगभग 18 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर दिशा की ओर बढ़ रहा है। गुरुवार सुबह 8:30 बजे इसका केंद्र जगदलपुर से करीब 40 किलोमीटर उत्तर-उत्तर-पश्चिम में स्थित था।
अनुमान है कि यह सिस्टम उत्तर दिशा में आगे बढ़ते हुए 30 अक्टूबर की सुबह तक कमजोर होकर उत्तरी छत्तीसगढ़ और उससे लगे उत्तर-पश्चिम ओडिशा के ऊपर कम दबाव के क्षेत्र में बदल जाएगा। इसके कमजोर होने के साथ ही प्रदेश में बारिश की गतिविधियां भी धीरे-धीरे कम होने की संभावना है।
तापमान की बात करें तो गुरुवार को दुर्ग में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहा।
