रायपुर: नगर निगम जोन क्रमांक-8, महोबा बाजार में व्याप्त जनसमस्याओं, कथित भ्रष्टाचार एवं आम जनता से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के विरोध में आज कांग्रेसजनों एवं क्षेत्रवासियों द्वारा जोरदार घेराव एवं विरोध प्रदर्शन किया गया।

कबीर नगर, सोंडोंगरी, नहरपार, वाल्मीकि नगर सहित जोन क्रमांक-8 के अंतर्गत आने वाले विभिन्न वार्डों के नागरिक बड़ी संख्या में प्रदर्शन में शामिल हुए। क्षेत्रवासियों ने क्षतिग्रस्त सड़कों, सफाई व्यवस्था की बदहाली, बिजली-पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं की समस्या, निर्माण कार्यों में आ रही परेशानियों, टैक्स के नाम पर कथित उगाही एवं आम जनता से अवैध वसूली जैसे गंभीर मुद्दों को लेकर अपनी नाराजगी व्यक्त की।
प्रदर्शन में रायपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री कुमार शंकर मेनन जी, रायपुर ग्रामीण विधानसभा के जनसेवक श्री पंकज शर्मा जी, रायपुर पश्चिम के पूर्व विधायक श्री विकास उपाध्याय जी, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश महामंत्री श्री सुबोध हरितवाल जी, प्रदेश असंगठित मजदूर क्षेत्र समस्या निवारण प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव श्री प्रदुमन शर्मा रायपुर शहर OBC कांग्रेस जिला अध्यक्ष लक्ष्मण सेन सहित वरिष्ठ कांग्रेसजन एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
इस दौरान रायपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री कुमार शंकर मेनन ने कहा कि नगर निगम का दायित्व आम जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है, लेकिन जोन क्रमांक-8 के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों में नागरिक सड़क, नाली, सफाई, पानी और अन्य बुनियादी समस्याओं से लगातार जूझ रहे हैं। जनता की समस्याओं का तत्काल निराकरण किया जाना चाहिए तथा कथित अवैध वसूली एवं भ्रष्टाचार की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई होनी चाहिए।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि क्षेत्र की समस्याओं का शीघ्र निराकरण नहीं किया गया और आम जनता को राहत नहीं मिली, तो कांग्रेस पार्टी जनहित के मुद्दों को लेकर और बड़े आंदोलन एवं उग्र जनसंघर्ष के लिए बाध्य होगी।
कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज बनकर सड़क से लेकर सदन तक जनहित की लड़ाई मजबूती से लड़ती रहेगी।
